
सरसों तेल के भाव पांच फीसदी बढ़कर 1,250 रुपये प्रति 15 किलो हो गए
बिजनेस ब्यूरो
अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड तेल की कीमतों में तेजी आने और घरेलू बाजार में सरसों की फसल को नुकसान होने की आशंका के कारण खाद्य तेलों की कीमतों में तेजी चल रही है। पिछले दस-पंद्रह दिन में सरसों तेल 4-5 फीसदी बढ़कर 1250 रुपये प्रति टिन (15 लीटर) के स्तर पर पहुंच गया। सोयाबीन और बिनौला तेल के दाम भी दो फीसदी तक बढ़े हैं।
दिल्ली वेजिटेबल ऑयल ट्रेडर्स एसोसिएशन के सचिव हेमन्त कुमार गुप्ता ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस समय क्रूड तेल के दाम बढ़े हुए हैं जिससे घरेलू बाजार में खाद्य तेलों के दामों में तेजी दर्ज की जा रही है। उन्होंने बताया कि फसल को नुकसान की आशंका से सरसों के घरेलू उत्पादन होने वाली अनुमानित कमी के कारण भी खाद्य तेलों के दाम बढ़े हैं। सरसों तेल की कीमतों में तो 4-5 फीसदी तक की तेजी आई है। इसी के कारण सोयाबीन व बिनौला तेल में भी करीब दो फीसदी तक की तेजी दर्ज की गई है।
विश्लेषकों के मुताबिक मलेशिया में पाम तेल की मांग में उछाल का असर भी घरेलू बाजार में खाद्य तेलों की कीमतों पर पड़ा है। पिछले सप्ताह मलेशिया में पाम तेल की मांग में तेजी के कारण वैश्विक बाजार में इसकी कीमतों में तेजी दर्ज की गई जिससे घरेलू बाजार में खाद्य तेलों के दाम बढ़े हैं। विश्लेषकों का कहना है कि अर्जेंटीना में सोयाबीन का उत्पादन कम होने के अनुमान और घरेलू बाजार में सोया तेल की उपलब्धता कम होने के कारण आगे इसके दाम में तेजी आ सकती है। जिसका असर अन्य खाद्य तेलों की कीमतों पर भी देखने को मिल सकता है।
कृषि विभाग के मुताबिक वर्ष 2010-11 में देश में अनुमानित तिलहन उत्पादन 324.79 लाख टन रहा था जो वर्ष 2009-10 के 248.82 लाख टन से अधिक है। इसे देखते हुए तिलहन की उपलब्धता अधिक होने से खाद्य तेलों में गिरावट आनी चाहिए लेकिन वैश्विक संकेतों से खाद्य तेलों में मजबूती दर्ज की जा रही है। विभाग के वर्ष 2011-12 के लिए जारी दूसरे अनुमान के मुताबिक तिलहन उत्पादन 305.29 लाख टन रह सकता है जो पिछले साल से कम है।
कारोबारियों का मानना है कि तिलहन उत्पादन कम रहने के अनुमान से लंबी अवधि में खाद्य तेलों की कीमतें और बढ़ सकती हैं।
दिल्ली नया बाजार स्थित खाद्य तेलों के थोक कारोबारी अतर सिंह ने भी अंतरराष्ट्रीय तेजी के कारण खाद्य तेलों की कीमतों में बढ़ोतरी की बात कही। दिल्ली थोक बाजार में इस समय सोयाबीन तेल 1150-1170 रुपये, सरसों तेल 1250 रुपये, बिनौला तेल 1125 रुपये, मूंगफली तेल 1800 रुपये प्रति टिन के स्तर पर हैं।