मंगलवार, 21 फ़रवरी 2012

धान का एमएसपी 1800 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग


बिजनेस भास्कर

हरियाणा ने केंद्र से खरीफ सीजन 2012-13 में धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 1800 रुपये प्रति क्विंटल मांगा है। इस संबंध में कृषि लागत और मूल्य आयोग (सीएसीपी) को भेजे जाने वाले एक प्रस्ताव में मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने कहा है कि धान की सामान्य किस्म के वर्तमान एमएसपी 1080 रुपये प्रति क्विंटल की तुलना में भाव 1800 रुपये प्रति क्विंटल होना चाहिए।


फाईन किस्म के लिए 1880 रुपये प्रति क्विंटल और सुपर किस्म के लिए 1960 प्रति क्विंटल एमएसपी की मांग की गई है। जबकि वर्ष 2011-12 के लिए केंद्र सरकार द्वारा फाईन और सुपर फाईन किस्म के लिए 1110 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया था।


राज्य ने वर्ष 2011-12 के दौरान बाजरा के लिए केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित 980 रुपये की तुलना में 2012-13 के दौरान बाजरा के लिए 1215 प्रति क्विंटल न्यूनतम समर्थन मूल्य की मांग की है। कपास (अमेरिकन) के लिए प्रस्तावित न्यूनतम समर्थन मूल्य 3300 रुपये से बढा़कर 3900 रुपये प्रति क्विंटल की मांग की गई है।


सरकारी प्रवक्ता के मुताबिक धान, बाजरा, मक्का और कपास की खेती की लागत चालू वर्ष के दौरान कृषि आदानों की उच्चतर लागत, श्रम शुल्क में वृद्घि के कारण बहुत बढ़ गई है। धान उत्पादन की लागत वर्ष 2010-11 की तुलना में वर्ष 2011-12 के दौरान 6 फीसदी बढ़ गई है और वर्ष 2012-13 के दौरान यह तकरीबन 22 फीसदी बढऩे की उम्मीद है। इसी प्रकार, बाजरा की उत्पादन लागत वर्ष 2011-12 में 0.9 फीसदी तक बढ़ गई है। यह वर्ष 2012-13 के दौरान बढ़कर 7.1 फीसदी हो जाएगी